देव दीपावली का साक्षी बनने काशी पहुंचेंगे 15 लाख श्रद्धालु, 21 हजार दीपों की रोशनी से जगमग होगा विश्वनाथ धाम

सावन के सोमवार की तर्ज पर होगी एंड टू एंड बैरिकेडिंग, पांच प्रवेश द्वारों से मिलेगा श्रद्धालुओं को प्रवेश, गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित, बाबा विश्वनाथ का होगा झांकी दर्शन
वाराणसी। देव दीपावली पर इस बार पूरी काशी आस्था और रोशनी के महासंगम की साक्षी बनेगी। गंगा के 84 घाटों से लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार तक दीपोत्सव की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर काशी विश्वनाथ धाम 21 हजार दीपों से जगमगाएगा। वहीं, देव दीपावली पर पूरे बनारस में देश-विदेश से करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा ने बताया कि देव दीपावली को लेकर धाम को देशी-विदेशी फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जा रहा है। 24 नवंबर की शाम परिसर में करीब 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गंगा द्वार की ओर स्थित घाट पर भी हजारों दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा गंगा द्वार पर आतिशबाजी और फायर क्रैकर शो का आयोजन होगा।
सावन के सोमवार की तर्ज पर होगी बैरिकेडिंग
देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन सावन के सोमवार की तर्ज पर व्यवस्थाएं लागू करेगा। पूरे धाम में एंड टू एंड बैरिकेडिंग के साथ जिग-जैग व्यवस्था बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्धारित मार्गों से होगी और एक स्थान पर भीड़ का दबाव नहीं बढ़ेगा। धाम में प्रवेश के लिए पांच प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। 23 से 25 नवंबर तक व्यवस्थाओं को विशेष रूप से दुरुस्त रखा जाएगा।
बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था भी रहेगी। मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराया जा सके।
गर्भगृह में प्रवेश बंद, बाहर से होंगे बाबा के दर्शन
देव दीपावली पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन की व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। श्रद्धालुओं को मुख्य गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। भक्त बाहर से ही बाबा विश्वनाथ का झांकी दर्शन करेंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाली सभी आरतियों में बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम को गर्भगृह को दीपों की मालाओं से सजाया जाएगा। दीपों की रोशनी में बाबा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
ललिता घाट पर होगी मां गंगा की महाआरती
काशी विश्वनाथ धाम के साथ ललिता घाट पर भी देव दीपावली की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यहां मां गंगा की भव्य महाआरती होगी। आरती स्थल को फूलों से सजाया जाएगा। शंखनाद, घंट-घड़ियाल और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
गंगा के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी और विश्वनाथ धाम में 21 हजार दीपों का प्रकाश काशी की आध्यात्मिक छटा को और भव्य बनाएगा। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियों में जुटे हैं।