Live VNS

सदर अस्पताल में पांच घंटे तक इलाज के लिए भटकता रहा 17 वर्षीय किशोर, परिजन ने किया हंगामा

सदर अस्पताल में पांच घंटे तक इलाज के लिए भटकता रहा 17 वर्षीय किशोर, परिजन ने किया हंगामा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 19 नवंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल किशनगंज की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। गुरुवार को इलाज के लिए पहुंचे 17 वर्षीय किशोर को करीब पांच घंटे तक अस्पताल में भर्ती रखने के बावजूद इलाज शुरू नहीं होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान और जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद भी अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, खगड़ा पासवान टोला निवासी संतोष पासवान के पुत्र सागर कुमार पासवान कई बीमारियों से ग्रसित हैं। परिजन गुरुवार सुबह उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। आरोप है कि करीब पांच घंटे तक अस्पताल में रहने के बावजूद किशोर का इलाज शुरू नहीं किया गया। इलाज के लिए परिजन इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उनकी समस्या पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो तालाबंदी कर हड़ताल पर बैठने के साथ जन आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका सरकारी मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर घटना की जानकारी दी और दोषी कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। हंगामे के बाद अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. मंजर आलम ने तत्काल किशोर का इलाज शुरू करवाया। साथ ही मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस घटना ने सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…