काशी के 20 और चौराहे होंगे हाईटेक, 3.07 करोड़ से लगेंगे सर्विलांस कैमरे

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और वाराणसी स्मार्ट सिटी के बीच एमओयू, फरवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट, हादसों, अपराध और जाम पर रहेगी 24 घंटे नजर
वाराणसी। काशी की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने के लिए शहर के 20 और प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। परियोजना के पूरा होने के बाद इन चौराहों की 24 घंटे रीयल टाइम निगरानी काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इससे सड़क हादसों, यातायात उल्लंघन, अपराध और जाम पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की मौजूदगी में समझौते का आदान-प्रदान हुआ। पुलिस प्रशासन के सर्वे और अनुरोध के आधार पर इन 20 चौराहों का चयन किया गया है। कंपनी की टीम पुलिस अधिकारियों के साथ सभी चिह्नित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण भी कर चुकी है।
सालाना तीन हजार सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी
स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के सर्वेक्षण के अनुसार, वर्ष 2025 में वाराणसी में करीब तीन हजार सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, प्रतिदिन यातायात नियमों के उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं। शहर की संकरी सड़कें और सालाना सात से नौ करोड़ पर्यटकों की आवाजाही यातायात का दबाव बढ़ाती है। पूर्व में चिह्नित 98 संवेदनशील स्थलों में से 21 चौराहों पर पहले ही आईटीएमएस और एटीसीएस सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अब शेष महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी तंत्र विकसित किया जाएगा।
कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे कैमरे, थाने को मिलेगा तत्काल अलर्ट
नए कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां पुलिस और सुरक्षाकर्मी चौबीस घंटे लाइव निगरानी करेंगे। किसी चौराहे पर दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति सामने आने पर कंट्रोल रूम से संबंधित नजदीकी थाने को तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा। इससे पुलिस समय रहते मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी।
परियोजना के तहत उपकरणों की स्थापना और कमीशनिंग का काम नवंबर में शुरू होगा। दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन किया जाएगा और फरवरी 2027 तक परियोजना का हैंडओवर पूरा करने का लक्ष्य है। अधिकारियों के अनुसार इससे हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन के पालन में 20 से 30 प्रतिशत सुधार तथा सिग्नल जंपिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में इतनी ही कमी आने का अनुमान है।
300 वाहन चालकों को मिलेगा प्रशिक्षण
परियोजना के दूसरे चरण में 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित करना है।
कमांड सेंटर में 2700 कैमरों से निगरानी
एमओयू कार्यक्रम से पहले नगर आयुक्त और टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने त्रिनेत्र भवन स्थित कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी के प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने केंद्र की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्था की जानकारी दी। बताया कि यहां कुल 2700 कैमरे लगे हैं, जिनमें 108 एएनपीआर और 2169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। इनके माध्यम से यातायात और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की निगरानी की जाती है।