Live VNS

उज्जैनः सिंहस्थ में हायर होंगी दो हजार बसें,एक रोड अलग से रहेगा

उज्जैनः सिंहस्थ में हायर होंगी दो हजार बसें,एक रोड अलग से रहेगा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ मेलावधि के लिए 2000 से अधिक बसों को हायर किया जाएगा। इनका अपना मूवमेंट का प्लान बनेगा। मेले में इन बसों के लिए एक रोड अलग से रखा जाएगा।

सिंहस्थ बाईपास से लेकर इन बसों का संचालन विभिन्न क्षेत्र के लिए होगा। इन बसों के विभिन्न पॉइंट निर्धारित करते हुए इसका एक प्रेजेंटेशन तैयार कर आगामी बैठक में रखने के लिए संभागायुक्त आशीष सिंह ने उविप्रा सीईओ संदीप सोनी को गुरूवार को सिंहस्थ कार्यो की समीक्षा बैठक में दिए।

सिंहस्थ मेला भवन के स्मार्ट सिटी कार्यालय में सम्पन्न बैठक में संभागायुक्त ने स्वागत द्वार एवं ब्यूटीफिकेशन के कार्यों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि स्वागत द्वार के लिए जो दो स्थान चिन्हित किए गए हैं,वहां पर कार्य 7 दिसंबर के पहले शुरू हो जाना चाहिए। सौन्दर्यीकरण के अन्य कार्यों के टेंडर डालने को कहा।निर्देश दिए की जिस कार्य के लिए जो टाइमलाइन निश्चित है उसके अनुरूप कार्य पूर्ण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीपीपी मॉडल पर बनेगी टेंट सिटी

बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि सिंहस्थ क्षेत्र में टेंट सिटी निर्माण के लिए पीपीपी मॉडल पर लगभग 40 हजार डॉरमेट्री बनाई जाएगी। उन्होंने अपर मेलाधिकारी को निर्देश दिए कि वे सभी विभागों से पत्र लिखकर उनके विभागों से सिंहस्थ में आने वाले कर्मचारियों - अधिकारियों का डाटा एक सप्ताह में प्राप्त करें। ताकि उसके आधार पर विभिन्न लोकेशन निर्धारित कर कर्मचारियों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री आदि की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने विकास प्राधिकरण को इसी के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए भी विभिन्न जोन में न्यूनतम शुल्क पर डॉरमेट्री की व्यवस्था करने के लिए कहा।

सभी विभागों से एक्शन-टेकन रिपोर्ट लें

बैठक में संभगायुक्त ने जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट को निर्देश दिए गए कि थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण के मामले में विभिन्न विभागों की निर्माण एजेंसी को दी गई जाँच रिपोर्ट पर उनके द्वारा क्या कार्यवाही की गई है, इसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट प्राप्त की जाए। जो विभाग एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करेंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 84 महादेव मंदिरों के विकास कार्य में 25 मंदिरों को छोडक़र 59 मंदिरों का विकास हो चुका है,शेष का कार्य प्रगति पर है।

बैठक में नगर निगम द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि 18 चौराहो के सौन्दर्यीकरण के जो काम किये जाना है,उनमें सबसे पहले उन चौराहों का काम हाथ में लिया जाए जहाँ कोई निर्माण कार्य शेष न हों। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री ने बताया कि घाटों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यह कार्य निर्धारित टाइम लाइन के पूर्व पूर्ण कर लिए जाएंगे।

ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना लगाया

कान्ह डाइवर्सन के काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर संभागायुक्त आशीष सिंह ने 10 लाख रु का जुर्माना लगाया। लगभग 866 करोड़ रू. लागत से हो रहे कान्ह डायवर्जन कार्य की टाइमलाइन जून -27 निश्चित है। उन्होंने निर्देश दिए की जिस कार्य के लिए जो टाइमलाइन निश्चित है उसके अनुरूप कार्य पूर्ण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संभागायुक्त नेे सिंहस्थ के लिए विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल संसाधन तथा विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की।

बैठक में संभागीय अपर आयुक्त रजु बाफना, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा,जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन,विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी,निगम के अपरायुक्त संतोष टैगोर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…