बनारस स्टेशन से पकड़े गए दुर्लभ प्रजाति के 23 कछुए, दो महिलाएं गिरफ्तार, सुल्तानपुर से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही थीं तस्कर

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो महिला कछुआ तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 23 प्रतिबंधित कछुए बरामद किए गए हैं। बरामद कछुओं की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इनमें कई कछुए काफी पुराने बताए जा रहे हैं। रेलवे पुलिस और वन विभाग की टीम कछुओं को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
दोनों महिला तस्कर सुल्तानपुर से कछुओं की खेप लेकर वाराणसी पहुंची थीं। यहां से उन्हें पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। जांच और तलाशी के दौरान उनके पास से 23 कछुए बरामद हुए। इसके बाद दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी राजपाल गौतम के नेतृत्व में बरामद कछुओं की प्रजातियों और उनकी स्थिति की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बरामद कछुओं में प्रतिबंधित श्रेणी के कछुए शामिल हैं, जिनका वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत शिकार और व्यापार प्रतिबंधित है।
शक्तिवर्धक दवाओं और तंत्र-मंत्र के लिए होती है तस्करी
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी के पीछे कई तरह के अंधविश्वास और अवैध कारोबार जुड़े हैं। इनका इस्तेमाल कथित तौर पर शक्तिवर्धक दवाएं बनाने और तंत्र-मंत्र व पूजा-पाठ में किया जाता है। तस्करी का नेटवर्क पश्चिम बंगाल के रास्ते कई अन्य देशों तक फैला हुआ है। ऐसे में वाराणसी में पकड़ी गई खेप को तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर भी जांच की जा रही है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी राजपाल गौतम ने बताया कि बरामद कछुओं की पहचान और उनकी प्रजातियों की पुष्टि की जा रही है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कछुए कहां से लाए गए थे और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।