Live VNS

24 नवंबर को पूरे बिहार में मनेगा ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’, जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखेंगे जदयू कार्यकर्ता

24 नवंबर को पूरे बिहार में मनेगा ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’, जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखेंगे जदयू कार्यकर्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 23 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की ऐतिहासिक तिथि 24 नवंबर को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूरे प्रदेश में ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’ के रूप में मनाएगा। इस अवसर पर पार्टी की ओर से राज्य के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से जदयू कार्यकर्ता आम लोगों के बीच पहुंचकर पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।

पिपरा विधायक रामविलास कामत ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने और बिहार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में लोगों के बीच जाकर संवाद करेंगे। इस दौरान वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद बिहार में हुए बदलावों की चर्चा की जाएगी। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।

विधायक ने बताया कि कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा। पंचायतों एवं नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना तथा जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जानकारी लोगों को दी जाएगी। इन योजनाओं से समाज में आए बदलाव और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी चर्चा होगी।

विधायक रामविलास कामत ने कहा कि 24 नवंबर को पूरे बिहार में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। गांव से लेकर शहर तक पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी देंगे। इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेकान्त झा, युगल किशोर अग्रवाल, अजय कुमार अजनबी, भूषण मंडल, योगेश कुमार कुशवाहा ,ललिता जायसवाल,सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…