धमतरी जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 2.66 करोड़ रुपये स्वीकृत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। जिले के ग्रामीण अंचलों में सड़क सुविधाओं के विस्तार और आवागमन को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में धमतरी जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए कुल 266.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत कार्यों में कुरुद स्टेशन से कन्हारपुरी-भुसरेंगा पुल तक सड़क निर्माण के लिए 74.21 लाख रुपये, कोलियारी से भेंड़सर मार्ग निर्माण के लिए 114.39 लाख रुपये तथा बोराई से मेघपुर सड़क निर्माण के लिए 78.22 लाख रुपये शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से कुरुद, भेंड़सर और मेघपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होने के साथ किसानों को कृषि उपज के परिवहन, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने तथा ग्रामीणों को बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
सड़क नेटवर्क का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और बेहतर सड़क संपर्क विकसित करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित तकनीकी मापदंडों और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन तीनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और गांवों की मुख्यधारा से कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी
।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा