Live VNS

मुरादाबाद में 295 जोड़ों के और बसेंगे घर , इसी माह हाेंगे दाे आयाेजन

मुरादाबाद में 295 जोड़ों के और बसेंगे घर , इसी माह हाेंगे दाे आयाेजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- वित्तीय वर्ष 2026-27 में मिले 897 जोड़ों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह संपन्न

मुरादाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के गरीब व जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के संकल्प को साकार करते हुए मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दो बड़े आयोजन होने जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को कुल 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक आयोजित दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। अब 26 नवंबर को 95 और 28 नवंबर को 200 यानी कुल 295 और जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।

पहला कार्यक्रम 26 नवंबर को मुरादाबाद शहर के लाइन पार स्थित रामलीला मैदान में होगा, जहां 95 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद 28 नवंबर को रामपुर रोड स्थित आर्केडिया ग्रीन में दूसरा बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इस तरह इन दो प्रस्तावित कार्यक्रमों से 295 नए जोड़ों को योजना का लाभ मिलेगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुरादाबाद प्रज्ञा वाजपेयी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन की ओर से मुरादाबाद जिले को 897 जोड़ों के लक्ष्य के साथ कुल 897.00 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। विभाग की ओर से अब तक कराए गए दो सामूहिक विवाह कार्यक्रमों (602 जोड़ों के विवाह) पर 535.28 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि 361.72 लाख रुपये की धनराशि शेष उपलब्ध है। जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुरादाबाद प्रज्ञा वाजपेयी ने बताया कि योगी सरकार की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…