गलगलिया के पास ट्रक से 30 मवेशी बरामद, छह हिरासत में

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
किशनगंज, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में मवेशियों की अवैध ढुलाई के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को गलगलिया के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-327 पर वाहन जांच के दौरान एसएसबी की टीम ने एक भारी ट्रक से 30 मवेशियों को बरामद किया। इनमें 16 गाय और 14 बछड़े शामिल हैं। इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर 41वीं वाहिनी एसएसबी की जी कंपनी, भातगांव की विशेष जांच एवं त्वरित कार्रवाई टीम ने गलगलिया के पास एनएच-327 पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान जांच स्थल से करीब 100 मीटर पहले एक संदिग्ध भारी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में बेहद तंग और भीड़भाड़ वाली स्थिति में लदे 30 मवेशी बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने मवेशियों के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध मवेशी तस्करी के नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। वहीं, जब्त मवेशियों और अन्य सामान के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह