Live VNS

मतदाता सूची पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 बीएलओ सम्मानित

मतदाता सूची पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 बीएलओ सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बाराबंकी, 26 नवंबर (हि.स.)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने और फॉर्म-06 की ऑनलाइन फीडिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 35 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में विधानसभा क्षेत्र 266-कुर्सी के छह, 268-बाराबंकी के पांच, 269-जैदपुर (अजा) के 16 तथा 272-हैदरगढ़ (अजा) के आठ बीएलओ शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने बूथों पर सबसे पहले 50-50 फॉर्म-06 भरवाकर नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और उनकी ऑनलाइन फीडिंग का कार्य पूरा किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन में बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने अन्य बीएलओ को भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…