कोंडागांव के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति से विशेष मुलाकात का मिला आमंत्रण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोंडागांव, 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीयस्तर पर एक और बड़ी पहचान मिलने जा रही है। बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जीवंत रखने वाले कोंडागांव के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है।
इस आयोजन में पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 51 शिल्पकार शामिल होंगे। यह विशेष मुलाकात 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगी। इस दौरान कोंडागांव के हस्तशिल्पी राष्ट्रपति से रूबरू होंगे और अपनी पारंपरिक कला, कारीगरी तथा पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के अनुभव साझा करेंगे। इस आमंत्रण से जिले के कलाकारों में उत्साह और गर्व का माहौल है।
शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उनके भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान अहमदाबाद के सहयोग से इस विशेष आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला बस्तर की आदिवासी संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली की जीवंत पहचान है। यहां के शिल्पकार धातु को अपने हुनर और कलात्मक कौशल से आकार देकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी अनूठी आकृतियां तैयार करते हैं। अपनी विशिष्ट कारीगरी के दम पर कोंडागांव के कलाकारों ने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पहचान बनाई है। ग्राम किकिरदापारा के शिल्पकारों की कलाकृतियों ने अपनी उत्कृष्ट कारीगरी और पारंपरिक कला के चलते विशेष पहचान हासिल की है।
शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने कहा कि कोंडागांव के शिल्पकारों को राष्ट्रपति महोदया से मिलने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। वहीं, शिल्पकार सागर विश्वकर्मा ने अपनी कलाकृति के चयन और राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलने पर खुशी जताई। शिल्पकार राजमनी ने कहा कि उन्हें पहली बार राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिल रहा है और यह उनके जीवन का यादगार पल होगा।
कोंडागांव के 38 शिल्पकारों को मिला यह आमंत्रण केवल कलाकारों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनकी पीढ़ियों की मेहनत, हुनर और बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। 16 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होने वाली मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। इससे बस्तर की कला और कलाकारों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे