Live VNS

मुरादाबाद में 450 विद्यार्थी देंगे संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं

मुरादाबाद में 450 विद्यार्थी देंगे संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 13 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद द्वारा संस्कृत बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी करने के साथ ही विभाग में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुरादाबाद में लगभग 450 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में बैठेंगे।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की पूर्व मध्यमा द्वितीय (कक्षा 10), उत्तर मध्यमा प्रथम (कक्षा 11) व उत्तर मध्यमा द्वितीय (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होंगी और 19 फरवरी तक चलेंगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक रीतु तोमर ने शुक्रवार को बताया कि जनपद में बल्देव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, शारदा संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, सार्वजनिक सेवा आश्रम राजा का सहसपुर और श्रीरामकुमार संस्कृत माध्यमिक विद्यालय कांठ के लगभग 450 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं के लिए पंजीकृत हैं। पिछले वर्षों में छात्र संख्या के आधार पर मुरादाबाद में एक ही केंद्र पर परीक्षाओं का आयोजन किया जाता रहा है। 15 नवंबर तक केंद्र प्रस्तावित कर दिए जाएंगे।

डीआईओएस रितु तोमर का कहना है कि संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से सुबह 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

पूर्व मध्यमा द्वितीय की परीक्षाएं पहली पाली में

पूर्व मध्यमा द्वितीय की परीक्षाएं पहली पाली में होंगी। नौ फरवरी को अनिवार्य संस्कृत, 10 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 12 फरवरी को हिंदी, पालि, प्राकृत व नेपाली, 13 फरवरी को विज्ञान, वाणिज्य व पौरोहित्य, 15 फरवरी को संस्कृतशास्त्रम से जैनागम व आयुर्वेद, 17 फरवरी को अंग्रजी, तुलनात्मक दर्शन से लेकर योग तक और 19 फरवरी को गणित, गृह विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, इतिहास व पुराण एवं संस्कृति की परीक्षाएं होंगी। वहीं उत्तर मध्यमा प्रथम की परीक्षाएं पहली पाली में होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…