सोनीपत:युवा महोत्सव में 485 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, मंत्री ने किया शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सोनीपत, 19 नवंबर (हि.स.)। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,
मुरथल में गुरुवार को युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से जिला युवा महोत्सव
आयोजित किया गया। नशा मुक्त युवा, विकसित भारत थीम पर हुए इस महोत्सव में जिले के करीब
485 युवा प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हरियाणवी लोक संस्कृति, नृत्य,
गीत और कलात्मक प्रस्तुतियों से विश्वविद्यालय परिसर गूंज उठा।
महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहकारिता, कारागार, निर्वाचन,
विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दीप प्रज्वलित करके किया। प्रतियोगिताओं
में सामूहिक हरियाणवी लोक नृत्य, सामूहिक गीत, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक वाद्य संगीत,
कविता लेखन और चित्रकला सहित छह विधाएं शामिल रहीं। छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में
हरियाणवी लोक नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम
से युवाओं ने नशे और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश दिया। कविता लेखन और चित्रकला
में भी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी
ताकत हैं। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और खेलों में भाग लेने से व्यक्तित्व
का विकास होता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा देश के विकास में लगानी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विकसित हरियाणा तथा
विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में
वर्ष 2023 से आयोजित हो रहा यह महोत्सव युवाओं को अपनी कला और कौशल दिखाने का अच्छा
मंच दे रहा है। जिला युवा समन्वयक अधिकारी एवं आईटीआई प्राचार्य विक्रम सिंह ने बताया
कि स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी के उपलक्ष्य में वर्ष 1995 में भोपाल से शुरू
हुए राष्ट्रीय युवा महोत्सव की तर्ज पर यह आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तर पर बेहतर
प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने
का मौका मिलेगा।
इस मौके पर पद्मश्री सम्मानित डॉ. संतराम देशवाल, प्रो. राजकला,
नगराधीश सिमरन, भाजपा महामंत्री तरुण देवीदास, मेजर संजय श्योराण, निर्णायक मंडल के
सदस्य, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना