कोरबा में खोलार नदी में मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोरबा, 17 नवम्बर (हि. स.)। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरेना स्थित खोलार नदी में मंगलवार को 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूलाल निर्मलकर, पिता घासीराम निर्मलकर, निवासी ग्राम पुरेना के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बाबूलाल निर्मलकर मंगलवार को नहाने के लिए घर से खोलार नदी जाने निकला था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहा था। दोपहर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित थे। इसी दौरान नदी के आसपास मवेशी चरा रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वार्ड पार्षद पति शिवरतन को दी। उनके माध्यम से बांकी मोंगरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राम कुमार साव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस को नदी किनारे मृतक के कपड़े, हाफ पैंट, गमछा, लाठी, गुड़ाखू की डिब्बी, हरे रंग का निरमा साबुन और तेल की छोटी डिब्बी मिली है। मृतक के हाथ में गोल्डन रंग की घड़ी भी थी। मौके पर मिले सामान से अनुमान लगाया जा रहा है कि बाबूलाल नहाने के लिए नदी पहुंचा था।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि अस्वस्थ होने के कारण नहाते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई होगी और वह नदी में डूब गया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी राम कुमार साव के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद ग्राम पुरेना में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी