Live VNS

जम्मू के बिक्रम चौक में जनरल बिक्रम सिंह की 63वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू, 22 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू के बिक्रम चौक में जनरल बिक्रम सिंह यादगार कमेटी की ओर से जनरल बिक्रम सिंह की 63वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कमेटी के महासचिव गजन सिंह ने बताया कि जनरल बिक्रम सिंह भारतीय सेना के एक प्रतिष्ठित अधिकारी थे, जिनकी 22 नवंबर 1963 को पुंछ सेक्टर में एक गोपनीय सैन्य मिशन के दौरान विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके साथ चार अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और एक फ्लाइट लेफ्टिनेंट भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में कंचन सिंह ने जनरल बिक्रम सिंह की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि वह सैनिकों के कल्याण के प्रति बेहद समर्पित थे और सेना की कैंटीनों में जाकर जवानों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच किया करते थे। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना के समय जनरल बिक्रम सिंह ने देश की महत्वपूर्ण सैन्य जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी दस्तावेज विमान से बाहर फेंक दिए थे। उन्होंने जनरल बिक्रम सिंह को एक ऐसा अधिकारी बताया, जो आम लोगों से भी लगातार जुड़े रहते थे।

कार्यक्रम के अंत में कमेटी के अध्यक्ष चरणजीत सिंह रैना ने सभी मेहमानों और सदस्यों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर परवीन शर्मा, दीपक गुप्ता, पूर्व कॉरपोरेटर परमजीत सिंह रैना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…