जांजगीर-चांपा में डायल-112 टीम पर हमला करने वाले सात आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नवागढ़ में डायल-112 वाहन को थार से मारी थी टक्कर, पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और मारपीट कर दी थी जान से मारने की धमकीमुख्य आरोपित पर जिला बदर की तैयारी
जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में डायल-112 टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुख्य आरोपित भुनेश्वर केशरवानी समेत सात आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर 2026 की रात करीब 10:17 बजे की है। थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को लिंगवा रोड नवागढ़ में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही थार वाहन क्रमांक सीजी 11 बीएस 3187 के चालक ने डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इससे शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद जब डायल-112 के पुलिसकर्मी वाहन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार चालक भावेश केशरवानी ने अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी और अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों का रास्ता रोक दिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
डायल-112 टीम की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 367/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 23 नवंबर को सभी सात आरोपिताें ने नवागढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध गुण्डा बदमाश के रूप में कार्रवाई करने और जिला बदर किए जाने के संबंध में जिला दण्डाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपिताें में भुनेश्वर केशरवानी, भावेश केशरवानी, राजू साहू, दीपक साहू, शुभम केशरवानी, राकेश चंद्रा और इतवारी खूंटे शामिल हैं।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना और कानून व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और कानून अपने हाथ में लेने से बचें।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT