Live VNS

सुकमा नक्सली डंप से आठ हथियार, 229 जिंदा कारतूस, विस्फोटक सामग्री व अन्य सामग्री बरामद

सुकमा नक्सली डंप से आठ हथियार, 229 जिंदा कारतूस, विस्फोटक सामग्री व अन्य सामग्री बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुकमा, 25 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सुचना के आधार पर आज बुधवार को थाना चिंतलनार क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग की गई। इस दाैरान दुर्गम जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। सुरक्षा बलों ने मौके से 08 देशी हथियार, कारतूस एवं विस्फाेटक सहित बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है।

अभियान के दौरान रासापल्ली के जंगलों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डंप मिला. सघन तलाशी में 02 सिंगल शॉट राइफल और 06 भरमार बंदूक सहित कुल 08 हथियार बरामद किए गए. इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 के 30, 9एमएम के 13 और 12 बोर के 04 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावे 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी वायर रहित अवस्था में मिला। इसके साथ 03 हैंड ग्रेनेड, 04 देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल सेल, गन पाउडर, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर और लगभग 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी बरामद किया गया। वहीं, वायरलेस सेट, मैगजीन, बैटरियां, नक्सली वर्दियां, पिट्ठू बैग, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।

सुकमा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि असामाजिक गतिविधि और नक्सल डंप से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो सुकमा पुलिस से साझा करें, आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…