हमीरपुर में 82 वाहनों का चालान, 75 अवैध पार्किंग तो 07 मिले नशेबाज चालक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सड़क सुरक्षा पखवाड़े में नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
हमीरपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग का प्रवर्तन अभियान जारी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दसवें दिन बुधवार को विभागीय टीमों ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 82 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 75 वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े मिले, जबकि सात चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।विशेषकर हाईवे पर खड़े वाहन पीछे से आने वाले चालकों के लिए गंभीर खतरा बनते हैं। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं।उन्होंने बाइक पर तीन सवारी बैठाने और वाहनों के शीशों पर मानक के विपरीत काली फिल्म लगाने को भी नियमों का उल्लंघन बताते हुए वाहन चालकों को चेतावनी दी।यात्री/मालकर अधिकारी सूर्य प्रताप देव ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कार्रवाई के साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा