मुरादाबाद : योगी सरकार की सामूहिक विवाह योजना से 92 जोड़ों का बसा घर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मुरादाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए नई खुशियों का आधार बन रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुरादाबाद के लाइन पार स्थित रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में विभिन्न वर्गों के 92 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। इससे पहले जिले में दो सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से 602 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। गुरुवार को 92 और जोड़ों के विवाह के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक तीन आयोजनों में कुल 694 जोड़े नए जीवन की शुरुआत कर चुके हैं।
समारोह में सदस्य विधान परिषद जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका अल्पना गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद भविष्य की कामना की।
इस दौरान उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रिया अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेयी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने नवदंपतियों को सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
897 जोड़ों के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा जिला
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन ने मुरादाबाद जिले को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य दिया है। इसके लिए 897 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। अब तक 694 जोड़ों का विवाह संपन्न हो चुका है। इस तरह जिले ने निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के तहत बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को योजना का लाभ पहुंचाया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल