Live VNS

डोगरा साम्राज्य और जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय के ऐतिहासिक पहलुओं पर चर्चा

डोगरा साम्राज्य और जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय के ऐतिहासिक पहलुओं पर चर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से शुक्रवार को ‘ब्रिटिश साम्राज्यवाद की राजनीतिक अर्थव्यवस्था : डोगरा साम्राज्य, रणनीतिक हित और विलय’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें नव नालंदा महाविहार, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के पोस्ट डॉक्टोरल फेलो डॉ. अभिमन्यु देव सिंह बिलावरिया मुख्य वक्ता रहे।

डॉ. बिलावरिया ने डोगरा साम्राज्य के संदर्भ में ब्रिटिश साम्राज्य के रणनीतिक हितों, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय की परिस्थितियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के इतिहास को समझने के लिए राजनीतिक घटनाओं के साथ आर्थिक हितों, सत्ता और भू-राजनीतिक रणनीतियों का अध्ययन भी जरूरी है। उन्होंने इतिहास को पारंपरिक राजनीतिक दृष्टिकोण से अलग आर्थिक और रणनीतिक परिप्रेक्ष्य में समझने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग की प्रमुख डॉ. श्वेता कोहली ने कहा कि ऐतिहासिक बदलावों और संस्थागत विकास को समझने में राजनीतिक अर्थव्यवस्था का दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए कुलपति प्रो. संजीव जैन का आभार जताया। व्याख्यान के बाद विद्यार्थियों ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद, डोगरा शासन और जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर वक्ता के साथ चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में इंटीग्रेटेड बीएससी-एमएससी अर्थशास्त्र के विद्यार्थी सुजीत कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…