Live VNS

अम्बा-मोकलपुर के बीच गंगा सोता पर बनेगा पक्का पुल, वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शुरू

अम्बा-मोकलपुर के बीच गंगा सोता पर बनेगा पक्का पुल, वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शुरू

BK Pathak ·

59.45 करोड़ रुपये की लागत से होगा पुल और एप्रोच मार्ग का निर्माण, आठ महीने बाद शुरू हुई निर्माण की कवायद

वाराणसी। चिरईगांव ढाब क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा देने के लिए अम्बा और मोकलपुर के बीच गंगा सोता पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पुल निर्माण के दौरान वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम भी पिछले कुछ दिनों से चल रहा है। अम्बा गांव में पेयजल नलकूप के पास मिट्टी गिराकर रास्ता तैयार किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मिट्टी डलवाने में लगे लोगों का कहना है कि सेतु निगम की ओर से पुल का निर्माण कराया जाना है।

उल्लेखनीय है कि ढाब क्षेत्र के मोकलपुर, गोबरहां, रामचन्दीपुर, रामपुर और मुस्तफाबाद रेतापर सहित आसपास के गांवों के लोगों को जाल्हूपुर बाजार जाने के लिए काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। अम्बा-मोकलपुर के बीच गंगा सोता पर पक्का पुल बनने से ग्रामीणों की दूरी कम होगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।

इस पुल के साथ एप्रोच मार्ग का निर्माण भी कराया जाना प्रस्तावित है। शासन स्तर से स्वीकृत इस परियोजना पर कुल 5945.62 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। इसके लिए 31 मार्च 2026 को 2080.97 लाख रुपये की धनराशि आवंटित भी की जा चुकी है।

हालांकि धनराशि आवंटित होने के करीब आठ महीने बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में गतिविधियां तेज हुई हैं। फिलहाल वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के लिए मिट्टी डालने का काम शुरू होने से ग्रामीणों में पुल निर्माण की उम्मीद जगी है। पुल बनने से ढाब क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को जाल्हूपुर बाजार सहित अन्य स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…