झूठे वादों से सत्ता में आई आआपा ने पंजाब को भ्रष्टाचार और नशे के दलदल में धकेला : नायब सैनी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- नशे के अवैध काराेबारियाें काे धंधा या पंजाब छोड़ना होगा
चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में सत्ता परिवर्तन के नाम पर जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाने वाली आम आदमी पार्टी अब अपने वादों का हिसाब देने से बच नहीं सकती। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि झूठे वादों के दम पर सत्ता में आई पार्टी ने पंजाब को भ्रष्टाचार, नशे और अव्यवस्था की ओर धकेल दिया। उन्होंने हरियाणा की योजनाओं और उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों से किए वादे पूरे किए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 2022 में पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटें देकर ऐतिहासिक जनादेश दिया था। लोगों को उम्मीद थी कि प्रदेश में नशा समाप्त होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, किसानों की समस्याओं का समाधान होगा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मिलेगा। आम आदमी पार्टी ने खुद को कट्टर ईमानदार बताकर जनता का विश्वास हासिल किया, लेकिन आज पंजाब की जनता अपने उन वादों का हिसाब मांग रही है।
पंजाब और हरियाणा का रिश्ता राजनीति का नहीं, खून और परिवार का रिश्ता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि खून और परिवार का रिश्ता है। पंजाब के लोग दुखी होते हैं तो हरियाणा के लोगों के दिलों में भी पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब ने देश का पेट भरने और देश की सीमाओं की रक्षा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, आज उसी पंजाब को कुछ स्वार्थी लोगों ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए पीछे धकेलने का काम किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा