बिहार के औरंगाबाद में ट्रक-स्कार्पियो की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पटना, 12 नवंबर (हि.स.)। बिहार में औरंगाबाद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) संख्या-19 स्थित रतनुआ पेट्रोल पम्प के नजदीक गुरुवार सुबह ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस के मुताबिक परिवार मुम्बई से लौटकर बनारस से स्कॉर्पियो के जरिए नवादा स्थित अपने गांव जा रहा था, तभी वो हादसे का शिकार हो गए। मृतकों में दो पुरुष और 8 वर्षीय बच्चा शामिल है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों में नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। घायलों में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान, उनकी बहन तथा राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी शामिल हैं। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
औरंगाबाद के एसडीपीओ सुशील कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दुर्घटना में तीन की मौत हुई है। दुर्घटना ट्रक व स्कार्पियो की टक्कर में हुई है। घटना की जांच की जा रही है। मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी