Live VNS

राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कोटवार की मौत, चालक फरार

राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कोटवार की मौत, चालक फरार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

राजगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में संडावता मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक ग्राम बालोड़ी के कोटवार थे। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम बालोड़ी निवासी आत्माराम (55) पुत्र रतनलाल मालवीय सारंगपुर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान संडावता मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आत्माराम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। आत्माराम ग्राम बालोड़ी में कोटवार के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…