जबलपुरः टैंकर की टक्कर से बाइक में लगी आग, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जबलपुर-मंडला रोड पर बीजाडांडी के खुटा पड़ाव और धनवाही गांव के बीच रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घिसटते चले गए। इस दौरान मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। घायलों को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर के तिलहरी क्षेत्र में रहने वाले पंचू यादव और समीर मोटरसाइकिल से बीजाडांडी की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खुटा पड़ाव और धनवाही के बीच पीछे से आए एक टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर दूर तक घिसटते चले गए और उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा देखकर मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह दोनों युवकों को आग से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के कारण जबलपुर-मंडला मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों युवक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक