खेत की मेड़ काटने के विवाद में फायरिंग करने वाला आरोपित गिरफ्तार, तमंचा और खोखा कारतूस बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हाथरस, 19 नवंबर (हि.स.)। जनपद हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव गुबरारी में खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार काे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन पुत्र हरीशंकर निवासी गांव गुबरारी, थाना मुरसान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को गांव में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ फायरिंग की घटना हुई। सूचना मिलने पर मुरसान पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को निर्देशित किया था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना मुरसान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को नामजद आरोपी चेतन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 286/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनवीर सिंह सहित थाना मुरसान की पुलिस टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना