मुरादाबाद : हुनर सीखिए, रोजगार की राह चुनिए

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- निःशुल्क कुकरी (पाककला) एवं बेकरी प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित
- 30 सीटों पर आवेदन के लिए अंतिम तिथि 30 नवंबर
मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र, मुरादाबाद की ओर से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण स्वरोजगार योजना के अंतर्गत युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक माह के कुकरी (पाककला)/बेकरी प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए कुल 30 सीटों पर इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र मुरादाबाद के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार जायसवाल ने रविवार को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान चयनित प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा साउथ इंडियन, चाइनीज, फास्ट फूड सहित विभिन्न भारतीय एवं कॉन्टिनेंटल व्यंजन, बेकरी आइटम तथा बर्थडे केक आदि तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण सामग्री किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार जायसवाल ने आगे बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में कौशल प्रदान कर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सूक्ष्म/लघु उद्योग स्थापित करने के इच्छुक लाभार्थियों द्वारा नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने पर गठित समिति की संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत परियोजना लागत का 50 प्रतिशत, अधिकतम 01 लाख रुपये तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा। अभ्यर्थी का साक्षर होना आवश्यक है तथा उसकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। चयन में उत्तर प्रदेश सरकार की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में चयन मेरिट/लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 तक प्रवेश फार्म प्राप्त कर राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र, मुरादाबाद में जमा कर सकते हैं। आवेदन एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय दिवसों में प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही संपर्क सूत्र 9410498306, 9368018747 पर भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल