Live VNS

नालंदा विश्वविद्यालय और एनआईटी कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया समझौता पत्र

नालंदा विश्वविद्यालय और एनआईटी कालीकट के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया समझौता पत्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नालंदा, बिहारशरीफ 12 नवंबर (हि.स.)।नालंदा विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कालीकट (एनआईटी कालीकट) के बीच आज गुरुवार को नालंदा विश्वविद्यालय परिसर में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना, विभिन्न विषयों के बीच शोध को प्रोत्साहित करना तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

इस समझौता ज्ञापन पर नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी और एनआईटी कालीकट के निदेशक प्रोफेसर प्रसाद कृष्ण ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एमओयू के तहत संयुक्त शोध एवं शोध निर्देशन, शिक्षण कार्यक्रमों, पोस्ट-डॉक्टोरल शोध, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के आदान-प्रदान तथा शैक्षणिक सम्मेलनों, संगोष्ठियों और संयुक्त शोध प्रकाशनों के आयोजन में सहयोग का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही शैक्षणिक प्रकाशनों और अध्ययन संबंधी संसाधनों को साझा करने पर भी सहमति बनी है।

इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कहा कि इससे पुरातत्व, डाटा एनालिटिक्स, आपदा अध्ययन और आपदाओं के प्रति सक्षम एवं अनुकूल बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करने के नए अवसर खुलेंगे।

उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की सहायता से शास्त्रीय भाषाओं पर संयुक्त शोध की संभावनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि इस प्रकार का प्रयास ज्ञान एवं विश्लेषण की पद्धतियों को औपनिवेशिक प्रभावों से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।इस साझेदारी का एक महत्वपूर्ण पक्ष प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और उनके लिए डिजिटल संसाधनों का विकास है। इसके साथ ही सांस्कृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण, संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में भी दोनों संस्थान मिलकर कार्य करेंगे। रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक उद्यमिता और सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए भी संयुक्त पहल की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।इस सहयोग के माध्यम से दोनों संस्थान अपनी शैक्षणिक एवं शोध क्षमताओं को एक साथ लाते हुए विभिन्न विषयों के बीच संवाद और सहयोग को प्रोत्साहित करेंगे तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसर सृजित करेंगे। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच सहयोगात्मक संबंधों को व्यापक बनाने और संयुक्त शोध एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…