Live VNS

एडीजी, डीएम और एडिशनल सीपी ने घाटों का किया निरीक्षण, परखी तैयारी, सफाई व सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त करने के दिए निर्देश

एडीजी, डीएम और एडिशनल सीपी ने घाटों का किया निरीक्षण, परखी तैयारी, सफाई व सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त करने के दिए निर्देश

BK Pathak ·

छठ, गंगा महोत्सव और देव दीपावली को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफसरों ने मोटर बोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक किया भ्रमण

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम, लाइटिंग और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

तालाबों, पोखरों और अन्य छठ पूजा स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश

देव दीपावली पर नमो घाट में वीवीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था, पार्किंग, मंच और बोर्डिंग पॉइंट की सुविधा

गंगा महोत्सव और काशी तमिल संगमम की तैयारियां भी समय से पूरी करने पर जोर

वाराणसी। छठ महापर्व, गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को एडीजी नवीन अरोरा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने एनडीआरएफ और जल पुलिस की मोटर बोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ आगामी आयोजनों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पर घाटों में साफ-सफाई के साथ सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा एवं अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। अस्सी घाट के निरीक्षण के दौरान महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, लाइटिंग और सफाई की व्यवस्थाएं पर्याप्त मिलीं। डीएम ने नगर निगम को स्ट्रीट लाइटों की जांच कराने और खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा।

उन्होंने छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त लाइट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, खोया-पाया केंद्र और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने तथा आवागमन के रास्तों पर स्पष्ट संकेतक लगाने को भी कहा। जनपद के अन्य तालाबों, पोखरों और घाटों पर भी विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

देव दीपावली पर नमो घाट में होंगे विशेष इंतजाम

आगामी गंगा महोत्सव, देव दीपावली और काशी तमिल संगमम के दृष्टिगत डीएम ने नमो घाट पर वीवीआईपी और आम लोगों की आवाजाही, बैरिकेडिंग, स्मार्ट लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन, मंच, सेफ हाउस, आरती स्थल, रूट चार्ट और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने देव दीपावली पर नावों के लिए कई बोर्डिंग पॉइंट बनाने तथा घाट पर विशेष प्रकाश व्यवस्था करने को कहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, बैठने की व्यवस्था, गणमान्य अतिथियों के लिए दीपदान की सुविधा, पार्किंग, टेंट, मैट, कुर्सियां और वॉशरूम की व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। डीएम ने छठ महापर्व के बाद सभी संबंधित अधिकारियों को देव दीपावली की तैयारियों में जुटने और संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार को गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली की तैयारियां अभी से शुरू कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान एडीएम (एफआर) सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…