Live VNS

बिरहोर और पहाड़ी कोरवा परिवारों का आधार पंजीयन

बिरहोर और पहाड़ी कोरवा परिवारों का आधार पंजीयन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आज से विशेष आधार पंजीयन शिविरों की शुरुआत हो गई है। इन शिविरों के माध्यम से ऐसे हितग्राहियों की पहचान कर उनका आधार पंजीयन कराया जा रहा है, जिनका अब तक आधार कार्ड नहीं बन पाया है। साथ ही, जिन हितग्राहियों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन या अपडेट की जरूरत है, उनका भी आधार अपडेट किया जा रहा है।

इसी कड़ी में धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत गिधकालो, रतनपुर, सिसरिंगा, पेलमा, जलडेगा, साजापाली एवं खर्रा में 24 से 30 नवंबर 2026 तक विशेष आधार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में संबंधित क्षेत्रों के बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा परिवारों तक पहुंचकर आधार पंजीयन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें आधार बनवाने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की परेशानी न हो। आधार कार्ड विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

आधार पंजीयन होने से हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी आसान होगी।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय का कोई भी पात्र परिवार केवल आधार कार्ड के अभाव में शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र परिवारों का आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। इन विशेष शिविरों में बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा समुदाय के हितग्राहियों के अलावा अन्य ग्रामवासी भी आधार पंजीयन एवं आधार अपडेट की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…