Live VNS

एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने केंद्रों का लिया जायजा, 29 नवंबर को 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा

एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने केंद्रों का लिया जायजा, 29 नवंबर को 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कठुआ, 28 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की ओर से 29 नवंबर को आयोजित होने वाली सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने परीक्षा केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं कार्यप्रणाली, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, सुरक्षा प्रबंधों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।

गौरतलब है कि 29 नवंबर को कठुआ जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…