Live VNS

देव दीपावली के बाद रातोरात साफ हुए काशी के 84 घाट, हटाए गए 21 लाख मिट्टी के दीये

देव दीपावली के बाद रातोरात साफ हुए काशी के 84 घाट, हटाए गए 21 लाख मिट्टी के दीये

BK Pathak ·

250 से अधिक सफाईकर्मियों ने संभाली कमान, 42 से 52.5 टन दीयों को निस्तारण के लिए भेजा गया रमना प्लांट

वाराणसी। देव दीपावली पर लाखों दीपों से जगमगाने वाले काशी के घाट अगले ही दिन स्वच्छता की मिसाल बन गए। उत्सव संपन्न होने के बाद नगर निगम ने रातभर विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर के 84 घाटों से करीब 21 लाख मिट्टी के दीयों को हटवा दिया। बुधवार सुबह तक घाटों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुंदर घाट देखने को मिले।

महापौर अशोक कुमार तिवारी के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में 250 से अधिक सफाईकर्मियों की टीम लगाई गई थी। कर्मचारियों ने रातभर मेहनत कर घाटों की सीढ़ियों, किनारों और अन्य स्थानों पर रखे जले हुए दीयों को एकत्र किया। नगर निगम के अनुसार, इन दीयों का कुल वजन लगभग 42 से 52.5 टन आंका गया है। दीयों के उठान और परिवहन के दौरान धार्मिक आस्था एवं पवित्रता का विशेष ध्यान रखा गया।

नगर निगम ने एकत्र किए गए सभी मिट्टी के दीयों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल निस्तारण के लिए रमना स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट भेजा। प्राकृतिक मिट्टी से बने होने के कारण इन दीयों का निस्तारण पर्यावरण के अनुकूल तरीके से किया जा रहा है। रमना स्थित इस प्लांट की प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन कचरा निस्तारण की क्षमता है।

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर काशी के घाटों पर लाखों दीये प्रज्वलित किए गए थे। आयोजन के बाद आम नागरिकों और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम ने तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया। 250 से अधिक कर्मचारियों ने रातभर काम कर 84 घाटों से दीयों को हटाने का कार्य पूरा किया।

उन्होंने बताया कि एकत्रित दीयों को पूरी धार्मिक मर्यादा और पवित्रता के साथ रमना प्लांट भेजा गया है, जहां उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। नगर निगम की त्वरित कार्रवाई से देव दीपावली के अगले दिन ही घाटों पर सामान्य व्यवस्था बहाल हो गई। इससे काशी में स्वच्छता और धार्मिक आयोजनों के बाद बेहतर प्रबंधन की तस्वीर सामने आई।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…