पटवारियों के बाद तहसीलदार-नायब तहसीलदार भी सामूहिक अवकाश पर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। पटवारियों की हड़ताल के बीच शुक्रवार को तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के सामूहिक अवकाश पर रहने से तहसील कार्यालयों में सन्नाटा छाया रहा। जिले के आठ तहसीलदार और नौ नायब तहसीलदारों के काम से दूर रहने के कारण राजस्व न्यायालयों में सुनवाई और जमीन संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ। धान खरीद से पहले रकबा सत्यापन और रिकार्ड सुधार जैसे कामों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। जिले में 192 हल्का हैं जिसमें 168 पटवारी कार्यरत हैं। पटवारियों की अनुपस्थिति में तहसीलदार और नायब तहसीलदारों पर नियमित न्यायालयीन कामकाज के साथ डिजिटल क्राप सर्वे, पीवी एप से सत्यापन, एग्रीस्टेक किसान पंजीयन और धान रकबा सुधार जैसे कामों का अतिरिक्त दबाव है। अब अधिकारियों के भी सामूहिक अवकाश पर रहने से राजस्व विभाग के मैदानी और न्यायालयीन दोनों तरह के काम प्रभावित हो रहे हैं। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों में पटवारी प्रतिवेदन नहीं मिलने से पहले ही प्रक्रिया अटकी हुई है।
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर आज शुक्रवार को तहसीलदार और नायब तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर रहे। संघ ने डिजिटल क्राप सर्वे में गलत फसल दर्ज होने, पीवी एप में सर्वे रिजेक्ट होने, एग्रीस्टेक में अनुमोदन लंबित रहने और वास्तविक धान रकबे से कम रकबा प्रदर्शित होने जैसी समस्याएं उठाई हैं। अधिकारियों ने तकनीकी विसंगतियों के समाधान, संशोधन का अधिकार देने सहित 14 सूत्री मांगों पर कार्रवाई की मांग की है। राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के 18 राजस्व न्यायालयों में 231 प्रकरण लंबित हैं। इनमें 203 मामलों में पेशी की तारीख अपडेट नहीं हुई है, जबकि 28 प्रकरणों में आदेश-पत्र शून्य दर्ज है। तहसीलदार न्यायालय मगरलोड में सर्वाधिक 44 मामले लंबित हैं। नायब तहसीलदार क्रमांक-2 कुरुद में 26, धमतरी ग्रामीण-2 में 22 और नजूल तहसीलदार न्यायालय में 20 मामले लंबित हैं। वहीं धमतरी एसडीएम न्यायालय में 15, कुरूद में 20 और नगरी में तीन प्रकरण दर्ज हैं। यह आंकड़ा केवल ई-कोर्ट में दर्ज न्यायालयीन मामलों का है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा