आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ई रिक्शा-टाटा 407 की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हाथरस, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार काे सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भूरा और राधिका ढाबे के पास छोटा हाथी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार कुछ युवक अलीगढ़ के मडराक स्थित क्रिकेट अकादमी से अभ्यास करने के बाद हाथरस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में छोटा हाथी और टेंपो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में कुछ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में मृतकों में एक की पहचान 18 वर्षीय अभिषेक निवासी मेंडू के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हाथरस पुलिस अधीक्षक चिरंजी नाथ सिंह का कहनाह तीन लोगों की एक्सीडेंट में मृत्यु हो गई है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना