मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, एम्स में भर्ती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह टहलते समय बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनट तक अचेत रहे। पहले उन्हें घर ले जाकर डॉक्टरों से जांच कराई गई, लेकिन हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। आईएलबीएस की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच कर जरूरी चिकित्सा सहायता दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से एम्स ले जाया गया।
सूत्रों के मुताबिक
75 वर्षीय धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और जरूरी चिकित्सकीय जांच व उपचार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स के कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी