Live VNS

नागनथैया लीला में शामिल हुए अजय राय, बोले- काशी की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी का दायित्व

नागनथैया लीला में शामिल हुए अजय राय, बोले- काशी की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी का दायित्व

BK Pathak ·

वाराणसी। काशी के तुलसीघाट पर शुक्रवार को 501 वर्ष पुरानी विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीला का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा तुलसीघाट जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

नागनथैया लीला के दौरान गंगा की लहरों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के कालिया नाग का मर्दन कर उसके अहंकार को समाप्त करने का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया। पौराणिक मान्यता के अनुसार, कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मर्दन कर यमुना को विषमुक्त किया था। इसी प्रसंग को तुलसीघाट पर प्रतिवर्ष भव्य रूप में जीवंत किया जाता है। गंगा की लहरों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट होकर भक्तों को दर्शन देने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर अजय राय ने नागनथैया मेला के आयोजक एवं संकट मोचन मंदिर के महंत पंडित विश्वंभरनाथ मिश्र से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। लीला का दर्शन करने के बाद अजय राय भाव-विभोर नजर आए। उन्होंने कहा कि काशीवासी प्रतिवर्ष इस गौरवशाली परंपरा में शामिल होकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीला का दर्शन मन को शांति, आनंद और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि काशी केवल मंदिरों, घाटों और गलियों की नगरी नहीं, बल्कि आस्था, अध्यात्म, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं की जीवंत पहचान है। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा प्रारंभ की गई 501 वर्ष पुरानी नागनथैया लीला काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुपम उदाहरण है। सदियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है।

अजय राय ने कहा कि नागनथैया लीला भगवान श्रीकृष्ण के माध्यम से यह संदेश देती है कि अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, सत्य और धर्म के सामने उसका अंत निश्चित है। कालिया नाग का मर्दन बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। ऐसे ऐतिहासिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक जड़ों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए महंत, आयोजकों, कलाकारों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। इस दौरान ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा, लालजी यादव, आनंद पांडेय, विनीत तिवारी, मित्तल साहनी, अभिषेक चौरसिया, इमाम राजा और अफसर खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…