Live VNS

पीडीए के आंदोलन से घबराई भाजपा, मतदाता सूची में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग से जवाब मांगेगी सपा : अखिलेश यादव

पीडीए के आंदोलन से घबराई भाजपा, मतदाता सूची में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग से जवाब मांगेगी सपा : अखिलेश यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

लखनऊ, 27 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची में हेराफेरी करने और चुनाव आयोग के साथ मिलकर फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा,दलित,अल्पसंख्यक) के आंदोलन से भाजपा घबरा गई है। गोरखपुर में सपा नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। सपा मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगेगी। यदि आयोग ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन करेगी।

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग के आंकड़ों में ही अंतर है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कम हुए हैं, जबकि चुनाव आयोग के मुताबिक यह संख्या ढाई करोड़ है। ऐसे में सच कौन बोल रहा है, इसका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि फॉर्म-06 के माध्यम से 22 गुना तक अधिक आवेदन किए गए हैं। 17 नवंबर तक भाजपा ने 2.22 लाख वोट बढ़वा लिए। उन्होंने सवाल किया कि समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक उपलब्ध कराए गए लाखों डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों में से चुनाव आयोग ने कितने नाम हटाए हैं।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर करोड़ों फर्जी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वा रही है। पार्टी अपनी मतदाता सूची को दुरुस्त करने में जुटी है और इस प्रक्रिया में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर आयोग से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव हारने जा रही है और इसी वजह से मतदाता सूची को लेकर ऐसी गतिविधियां की जा रही हैं।

उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों दल बैठकर इस पर विचार करेंगे कि चुनाव मैदान में अच्छे और जिताऊ प्रत्याशी उतारे जाएं। उन्होंने कहा कि हमारे पास 403 प्लस 403 यानी कुल 806 प्रत्याशी हैं। जीतने वाला प्रत्याशी इंडिया गठबंधन का होगा। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अब विदाई का समय आ गया है। उन्हें तय करना है कि स्पेन जाना है या वेनिस। उन्होंने मुकेश शर्मा को बधाई भी दी। शिक्षा और खेल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी शिक्षा का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।

सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में सरकारी स्कूलों का बुनियादी ढांचा निजी स्कूलों से भी बेहतर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में तरक्की, खुशहाली और विकास होगा, तभी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

गोरखपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वहां पीड़ितों की मदद की गई है तो अर्जुनगंज में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों की भी मदद की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…