Live VNS

मध्य प्रदेश के 9 जिलों में 20 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में छाएगी धुंध, बढ़ेगी ठंड

मध्य प्रदेश के 9 जिलों में 20 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में छाएगी धुंध, बढ़ेगी ठंड

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भोपाल, 17 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने के साथ आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है। 20 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के नौ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में मौसम का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। इससे पहले ही भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने लगे हैं। मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 17 नवंबर को प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 20 नवंबर को इसका असर अधिक रहने का अनुमान है।

सोमवार को राजधानी भोपाल में धुंध का असर देखने को मिला। शाम चार बजे के बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। तूफान के प्रभाव से भोपाल और इंदौर में भी धुंध रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। बीती सोमवार रात कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अमरकंटक में पारा 11.8 डिग्री, कल्याणपुर में 12.1 डिग्री, दमोह में 12.4 डिग्री और छिंदवाड़ा में 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नौगांव में 13.5, मलाजखंड में 13.6 और पचमढ़ी में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इस तरह प्रदेश की राजधानी और इंदौर का तापमान एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम दर्ज किया गया। उज्जैन में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के कुल 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम में ठंडक बढ़ने की एक वजह उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी भी है। कश्मीर और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बर्फ गिर रही है। वहीं, राजस्थान में चक्रवात के प्रभाव से हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते मध्य प्रदेश में भी ठंडी हवाओं का असर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में आंधी-बारिश के बाद प्रदेश में ठंड और तेज होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…