जबलपुर में पहचान छिपाकर चार साल तक महिला का शोषण करने का आरोप, शादी के लिए धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पहचान छिपाकर एक महिला का चार साल तक शारीरिक शोषण करने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला मंगलवार को सामने आया है। गोहलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले जहांगीर उस्मानी पर आरोप है कि उसने खुद को हिंदू बताकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और लंबे समय तक उसका शोषण किया। महिला ने जब आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी। पीड़िता की शिकायत पर हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारी उसके समर्थन में सामने आए और गोहलपुर थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान आरोपी से कामकाज के सिलसिले में हुई थी। अहमदनगर निवासी जहांगीर उस्मानी पेशे से ऑटो चालक है। दोनों की मुलाकात आलू-प्याज के कारोबार के दौरान हुई थी। आरोप है कि जहांगीर ने अपना असली नाम और धर्म छिपाकर महिला के सामने खुद को हिंदू बताया। इसके बाद उसने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और करीब चार साल तक उसका शारीरिक शोषण किया।
महिला ने जब आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने शादी से पहले धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपित ने उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारियों से संपर्क किया।
हिंदू धर्म सेना के संयोजक नीरज ठाकुर और प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश रजक पीड़िता के साथ गोहलपुर थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों और पीड़िता का आरोप है कि आरोपित पक्ष ने थाने में भी मामले को दबाने और समझौते के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया। वहीं, शिकायत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के फरार होने की बात कही जा रही है। हिंदू धर्म सेना ने पुलिस प्रशासन से आरोपित की जल्द गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार/विलोक
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा