Live VNS

हरियाणा में आईएएस,आईपीएस व आईएफएस अधिकारियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा

हरियाणा में आईएएस,आईपीएस व आईएफएस अधिकारियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-बढ़े भत्ते का जुलाई से मिलेगा लाभ, अब बढक़र 63 प्रतिशत हुआ डीए

-नवंबर के वेतन में जुडक़र आएगा बढ़ा हुआ भत्ता

चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के आईएएस, आईपीएस तथा आईएफएस अधिकारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके तहत अब अधिकारियों को उनके मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि पहले यह 60 प्रतिशत था। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से लागू होंगी।

इस संबंध में केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के आधार पर हरियाणा के कार्मिक विभाग ने सोमवार को अधिसूचना जारी की है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवंबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीने का बकाया जनवरी 2027 में भुगतान किया जाएगा।

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत निर्धारित पे मैट्रिक्स में संबंधित स्तर के मूल वेतन के आधार पर होगी। इसमें विशेष वेतन अथवा अन्य किसी प्रकार का वेतन शामिल नहीं किया जाएगा।

महंगाई भत्ता वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक के अंश को अगले रुपये में पूर्णांकित किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को नजरअंदाज किया जाएगा।

हरियाणा सरकार ने यह अधिसूचना सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और विभिन्न बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा है। परिपत्र में अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम 1972 के नियम तीन का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि बढ़ी हुई दरें प्रदेश के कैडर में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों और उन अन्य अधिकारियों पर भी लागू होंगी, जिनका प्रारंभिक वेतन आईएएस (पे) रूल्स 2016, आइपीेस (पे) रूल्स 2016 और आइएफएस (पे) रूल्स 2016 के तहत निर्धारित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…