Live VNS

अम्बिकापुर : मेडिकल स्टोर के गुप्त कमरे से दाे लाख की नशीली दवाइयों का जखीरा बरामद

अम्बिकापुर : मेडिकल स्टोर के गुप्त कमरे से दाे लाख की नशीली दवाइयों का जखीरा बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अम्बिकापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता (सरगुजा) की टीम ने सोमवार को शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने वार्ड क्रमांक-2 स्थित 'न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर' पर दबिश देकर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित नशीली कफ सीरप और टैबलेट बरामद की हैं।

इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त मेडिकल स्टोर की आड़ में बड़े पैमाने पर नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री हो रही है। सूचना की पुष्टि करने के लिए आबकारी टीम ने पहले एक डमी ग्राहक को दुकान पर भेजा। जैसे ही डमी ग्राहक को प्रतिबंधित दवा बेची गई, पहले से तैयार टीम ने तत्काल मेडिकल स्टोर पर छापा मार दिया।

छापेमारी के दौरान संचालक राजेश समद्दार दुकान पर ही मौजूद था। शुरुआती तलाशी में दुकान के काउंटर या रैक से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन जब टीम ने सख्ती से पूछताछ की तो संचालक टूट गया। उसकी निशानदेही पर दुकान के पीछे बने एक गुप्त कमरे से छिपाकर रखा गया नशे का जखीरा बरामद किया गया। इसमें 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सीरप, 75 नग एपकोरेस कफ सीरप और 3600 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह नशीली दवाइयों की यह खेप उत्तर प्रदेश से मंगाकर स्थानीय स्तर पर खपाता था। विभाग अब इस अंतरराज्यीय सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई के बाद सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने नशे के सौदागरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस अवैध कारोबार से तुरंत तौबा कर लें, क्योंकि एनडीपीएस एक्ट के तहत इसमें कठोरतम सजा का प्रावधान है। उन्होंने अपील की कि कारोबारी चंद पैसों के लालच में युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में न धकेलें और अपने परिवार व बच्चों के भविष्य का ख्याल रखें।

इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता सहित आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज तथा नगर सैनिक गणेश पाण्डेय की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…