Live VNS

बांग्लादेश में श्रमिक नेताओं की गिरफ्तारी पर एमनेस्टी चिंतित, कार्रवाई रोकने की मांग

बांग्लादेश में श्रमिक नेताओं की गिरफ्तारी पर एमनेस्टी चिंतित, कार्रवाई रोकने की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ढाका, 19 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बांग्लादेश सरकार से शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का इस्तेमाल करने वाले कपड़ा श्रमिकों और ट्रेड यूनियन नेताओं की गिरफ्तारी तथा उत्पीड़न रोकने की अपील की है। संगठन ने देश में श्रमिकों की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग और शांतिपूर्ण सभा तथा संगठन बनाने के अधिकारों का इस्तेमाल करने के कारण श्रमिकों को निशाना बनाया जा रहा है।

एमनेस्टी की यह प्रतिक्रिया दो श्रमिक संगठनों के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद आई है। पुलिस ने ग्रीन बांग्ला गारमेंट्स वर्कर्स फेडरेशन (जीबीजीडब्ल्यूएफ) की केंद्रीय अध्यक्ष मोस्सामत सुल्ताना बेगम और महासचिव इलियास को गिरफ्तार किया। दोनों पर चार नवंबर को ढाका के सावर इलाके में पुलिस वाहन में आग लगाने का आरोप है।

सावर थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद सैफुल आलम ने बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘डेली वादा’ को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों हिंसा भड़का रहे थे और उनके संगठन के सदस्य पुलिस वाहन जलाने की घटना में शामिल थे।

एमनेस्टी ने गिरफ्तारियों की निंदा करते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शन शुरू होने के बाद गिरफ्तार किए गए ये पहले ट्रेड यूनियन नेता नहीं हैं। संगठन के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में भी कई श्रमिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। इनमें बांग्लादेशी गारमेंट्स ट्रेड यूनियन फेडरेशन के केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष मुस्तफा कमाल, रोजिना अख्तर सुमी, मोहम्मद अली अजगर, मोहम्मद मोर्शेद आलम कौसर और मोहम्मद फुआदुर रहमान निरजोन शामिल हैं।

इस बीच, अमेरिका स्थित फेयर लेबर एसोसिएशन (एफएलए) और अमेरिकन अपैरल एंड फुटवियर एसोसिएशन (एएएफए) ने सुल्ताना बेगम और इलियास की तत्काल रिहाई की मांग की है। दोनों संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी को ‘अस्वीकार्य’ बताया।

उन्होंने बांग्लादेश सरकार से उचित न्यूनतम वेतन तय करने के लिए शीघ्र और शांतिपूर्ण बातचीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी और हिरासत से बातचीत की प्रक्रिया बाधित हुई है और जिम्मेदार आपूर्ति भागीदार के रूप में बांग्लादेश की छवि को नुकसान पहुंचा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…