एआई इंसानी भावनाओं की जगह नहीं ले सकता : अनन्या पांडे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मुंबई, 27 नवंबर (हि.स.)। अभिनेत्री अनन्या पांडे का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को आसान और तेज बना सकता है, लेकिन इसके कारण इंसानी प्रतिभा और भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। बॉम्बे हाई कोर्ट से अपने व्यक्तित्व अधिकारों की अंतरिम सुरक्षा हासिल करने वाली अनन्या ने कहा कि एआई अब हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है और इससे पूरी तरह बचना संभव नहीं है। हालांकि, जब इस तकनीक का इस्तेमाल इंसानों की जगह लेने या उनकी पहचान का गलत फायदा उठाने के लिए किया जाता है, तो यह चिंता का विषय बन जाता है।
बातचीत में अनन्या ने बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान एआई कई तकनीकी समस्याओं को दूर करने में मददगार साबित हो रहा है। पहले शोर या अन्य बाधाओं के कारण जिन दृश्यों को बार-बार फिल्माना पड़ता था, अब तकनीक की मदद से उन्हें ठीक करना आसान हो गया है। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई इंसानी भावनाओं और रचनात्मकता की जगह नहीं ले सकता। अनन्या के मुताबिक, किसी की तस्वीर या वीडियो बिना अनुमति तैयार करना, उसे बदनाम करने अथवा उसकी छवि खराब करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करना गलत है। उन्होंने एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए स्पष्ट सीमाएं तय करने की जरूरत भी बताई।
गौरतलब है कि अनन्या ने अपनी तस्वीरों, नकली विज्ञापनों, डीपफेक वीडियो और एआई आधारित चैटबॉट्स के कथित दुरुपयोग के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनका आरोप था कि कुछ कंपनियां और वेबसाइट उनकी पहचान का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए कर रही थीं और आपत्तिजनक सामग्री भी प्रसारित की जा रही थी। अदालत ने उनके व्यक्तित्व अधिकारों और निजता की सुरक्षा के लिए अंतरिम आदेश दिया था। काम की बात करें तो अनन्या अब अपने लोकप्रिय शो 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन में बेला चौधरी के किरदार में लौटेंगी। पहले सीजन की सफलता के बाद इसके नए सीजन को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे