आंगनबाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत करने का निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों एवं महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सुपौल ने किशनपुर बाल विकास परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 78 एवं 80 का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र संख्या 78 पर 23 तथा केंद्र संख्या 80 पर 25 बच्चे उपस्थित पाए गए। दोनों केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका भी मौजूद थीं। निरीक्षण में केंद्र संख्या 80 पर रंग-रोगन का कार्य पूरा पाया गया, जबकि केंद्र संख्या 78 में यह कार्य प्रगति पर था।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सेविका एवं सहायिका को सभी नामांकित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्धारित मेनू के अनुसार पोषाहार वितरण, गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा तथा केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टीएचआर (टेक होम राशन) का वितरण एफआरएस प्रणाली के माध्यम से पात्र लाभुकों के बीच शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए बच्चों को लेकर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, किशनपुर को संबंधित सेविका, सहायिका एवं महिला पर्यवेक्षिका से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अनुपस्थित बच्चों के पोषाहार मद की राशि में नियमानुसार कटौती कर इसकी सूचना जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया।
वहीं, महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रत्येक केंद्र से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए आठ तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लिए तीन पात्र लाभार्थियों का आवेदन पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को संबंधित केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। निरीक्षण के बाद सेविका एवं सहायिका द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदन जिला प्रोग्राम कार्यालय, आईसीडीएस सुपौल को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र