Live VNS

पटवारियों के समर्थन में फेडरेशन ने निकाली आक्रोश रैली, सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी

पटवारियों के समर्थन में फेडरेशन ने निकाली आक्रोश रैली, सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। राजस्व पटवारियों का आंदोलन 37वें दिन भी जारी है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं होने से अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने भी उनके समर्थन में मोर्चा खोल दिया है।

बुधवार को फेडरेशन के बैनर तले जिलेभर के अधिकारी-कर्मचारियों ने आक्रोश रैली निकालकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। जनपद कार्यालय के सामने से शुरू हुई रैली नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा गया। रैली में शामिल पटवारी काली वेशभूषा में नजर आए।

फेडरेशन ने ज्ञापन में कहा कि राजस्व पटवारी प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं। उनकी समस्याओं का संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को दबाने के लिए दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो उचित नहीं है। फेडरेशन ने पटवारियों के आंदोलन को जायज बताते हुए उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक अब भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। फेडरेशन ने सरकार से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

आक्रोश रैली में जिला संयोजक चंदूलाल चंद्राकर, जिला महासचिव अमित मोहबे, सहसंयोजक दयालुराम साहू, दीपचंद भारती, गोपाल शर्मा, संतोष दिवान, हर्षल मोहिते, प्रवीण टिकरिया, कोषाध्यक्ष एनआर टंडन, जिला सचिव राजकुमार सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…