चिट्टा तस्करों की तोड़ी कमर,युवाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कृतसंकल्प : सुखविंदर सिंह सुक्खू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने एनडीपीएस एक्ट को लागू नहीं किया। जबकि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के दो महीने बाद ही एनडीपीएस एक्ट लागे करके प्रदेश में चिट्टा माफिया की कमर तोड़कर रख दी है। शुक्रवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चिट्टा के खिलाफ जागरूकता को लेकर प्रदेश में छठी वॉकथान का आयाेजन किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों, विशेषकर युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान की इस निर्णायक लड़ाई में बड़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
यह वॉकाथॉन मंडी के पड्डल मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड तथा सेरी मंच की ओर बढ़ी और वापस पड्डल मैदान में समाप्त हुई। इस आयोजन में पूरे जिले से बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्पमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलवाई और उन्हे सतर्क रहकर नशे के खिलाफ इस अभियान में योगदान देने का आह्वान किया।जहां मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए चिट्टे के खिलाफ जारी जागरूकता मुहीम में शामिल होने का आह्वान किया। पड्डल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ निरंतर सख्त कदम उठाना सुनिश्चित कर रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल सरकार और पुलिस की कार्रवाई से इस समस्या का पूरा समाधान नहीं हो सकता है इसके लिए समाज के हर वर्ग का सक्रिय सहयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हिमाचल में चिट्टा बेचने वालों और पैसे के लिए युवाओं का जीवन तबाह करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि अब तक नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई 92 करोड़ की संपत्ति को सीज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर चिट्टा नेटवर्क और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मंडी जिला के भाजपा विधायकों के वॉकथान में शामिल न होने पर कहा कि सामाजिक सरोकारों के कार्य में राजनीति ठीक नहीं अगर विपक्ष के विधायक भी इसमें शामिल होते तो अच्छा होता। हालांकि, इस दौरान मंडी सदर से भाजपा के विधायक अनिल शर्मा इस वॉकथान में न केवल शामिल हुए उन्होंने हैलिपैड पर जाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर और डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा और अन्य पार्षद भी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे।
अनिल शर्मा मंडी में स्थापित होने वाले जिला पुस्तकालय के शिलान्यास समाराेह में भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। इस बात को लेकर विरोधियों के बीच चर्चा का बाजार गर्म रहा। मुख्यमंत्री ने मंडी में छह करोड़ 55 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले जिला पुस्तकालय भवन का शिलान्यास भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा