Live VNS

भगवान राम-कृष्ण को चुनावी राजनीति से दूर रखें : अपर्णा यादव

भगवान राम-कृष्ण को चुनावी राजनीति से दूर रखें : अपर्णा यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मथुरा में धार्मिक स्थलों के विकास को चुनावी रणनीति से जोड़ना उचित नहीं है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनसे जुड़े विषयों को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर नहीं तौलना चाहिए। मंदिर के विकास और भाजपा के चुनावी शंखनाद को लेकर पूछे गए सवाल पर गुरुवार को कानपुर पहुंचीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने यह बात कही।

अपर्णा यादव ने स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिर बन चुका है और उसे और बेहतर बनाने की दिशा में सरकार का निर्णय पहले से है। धार्मिक स्थलों का विकास आस्था से जुड़ा विषय है। इसे चुनावी मुद्दे के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए। 'राधे-राधे कमल खिला दे' नारे पर उन्होंने कहा कि ऐसे नारों से लोगों में उत्साह का संचार होता है।

गोरखपुर में पीडीए की रैली के दौरान नाबालिग की मौत के मामले पर उन्होंने दुख जताया। कहा कि ऐसी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। महिला आयोग भी अपनी ओर से कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मथुरा आने का निमंत्रण देने के सवाल पर अपर्णा यादव ने इसे सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ने और धर्म के विस्तार के लिए सभी को आमंत्रित किया जाता है। जिन्हें निमंत्रण मिला है, उन्हें इसे स्वीकार करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…