जगदलपुर में आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर भर्ती हेतु 27 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जगदलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। कार्यालय परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना जगदलपुर (ग्रामीण) द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत इच्छुक और पात्र महिला उम्मीदवार 13 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
विभाग द्वारा गुरुवार काे जारी सूचना के अनुसार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के दो अलग-अलग केंद्रों पर आंगनबाड़ी सहायिका के एक-एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत घाटपदमुर के आंगनबाड़ी केंद्र भतरापारा (भाटागुड़ा) तथा नगरीय क्षेत्र में नगर पालिक निगम जगदलपुर के अटल बिहारी बाजपेयी वार्ड क्रमांक-38 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र धरमपुरा (केंद्र क्रमांक 01) में नियुक्ति की जानी है। उम्मीदवारों को अपना आवेदन विभागीय ई-भर्ती ऑनलाइन पोर्टल ीजजचेरूध्ध्ूूूण्ंूूण्म.इींतजपण्पद पर जाकर अनिवार्य दस्तावेजों की फाइल अपलोड करते हुए जमा करना होगा। आवेदन 27 नवंबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीधे अथवा पंजीकृत डाक से भेजे गए या निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
आंगनबाड़ी सहायिका का उक्त पद पूर्णतः मानसेवी तथा अशासकीय है, जिसके लिए केवल महिलाएं ही आवेदन करने की पात्र हैं। आवेदिका को संबंधित ग्राम (ग्रामीण क्षेत्र हेतु) अथवा संबंधित वार्ड (नगरीय क्षेत्र हेतु) की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। विज्ञापन जारी होने की तिथि 11 नवंबर को आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए, हालांकि एक वर्ष या उससे अधिक का सेवा अनुभव रखने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के रूप में न्यूनतम 8वीं बोर्ड उत्तीर्ण होना आवश्यक है, लेकिन योग्य उम्मीदवार न मिलने की स्थिति में नियमों के तहत 5वीं उत्तीर्ण अथवा साक्षर महिलाओं पर भी विचार किया जा सकेगा।
चयन मूल्यांकन के दौरान गरीबी रेखा (बीपीएल) परिवार, अनुसूचित जाति या जनजाति वर्ग की महिला, अनुभवी कार्यकर्ता या सहायिका तथा विधवा, परित्यक्ता या तलाकशुदा महिलाओं को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। आवेदिकाओं को आवेदन पत्र के साथ जन्म तिथि के प्रमाण हेतु 5वीं एवं 8वीं की अंकसूची (ग्रेडिंग प्रणाली होने पर प्राप्तांक व पूर्णांक की प्रमाणित प्रति), अद्यतन मतदाता सूची की प्रति या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र, तथा लागू होने पर जाति, बीपीएल, अनुभव या विधवा व तलाकशुदा संबंधी वैध प्रमाण पत्र अभिप्रमाणित कर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे