Live VNS

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ ही लोक आस्था का महापर्व सम्पन्न

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ ही लोक आस्था का महापर्व सम्पन्न

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अररिया 16 नवम्बर(हि.स.)।

चार दिनों से चली आ रही लोक आस्था का महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य प्रदान करने के साथ संपन्न हुआ।अहले सुबह से ही जिले के विभिन्न नदियों,तालाबों और पोखरों पर बने घाट पर छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गया था।

सूर्योदय से पहले छठव्रती पानी में जाकर भगवान भास्कर की आराधना करते हुए छठी माई की पूजा अर्चना हाथ में फल फूल और अन्य पूजन सामग्री के साथ सूप लेकर की।मौसम के बदले रुख के बीच छठव्रती पानी में डुबकी लगाते हुए भगवान भास्कर की आराधना करते हुए सुख समृद्धि और स्वस्थ लंबी आयु की कामना की।

विभिन्न घाटों पर छठ पूजा समिति की ओर से अर्घ्य के लिए गाय के दूध की व्यवस्था की गई थी,जिसे छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच मुफ्त वितरित किया गया।छठ को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ विधि व्यवस्था के संधारण को लेकर भारी संख्या में पुलिस अधिकारियों और बलों की प्रतिनियुक्ति की गई,जो भीड़ को नियंत्रित करने के साथ छठव्रतियों को घाट तक पहुंचाने की कवायद करते देखे गए।

अररिया के परमान नदी के त्रिशूलिया घाट,बकरा नदी के तट पर,नहर के साथ ही विभिन्न तालाबों और पोखरों में घाट का निर्माण किया गया था।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रातभर घाट पर चहल पहल रही।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद रात में गन्ने का छत्रप के साथ छठव्रतियों ने कोशी भराई की रस्म की अदायगी भी की।श्रद्धाभाव के साथ कोशी का विसर्जन घाट पर किया गया।इस दौरान छठव्रतियों के साथ महिलाएं छठ की लोक पारंपरिक गीतों का गायन रातभर करती रही।

फारबिसगंज के कोठीहाट नहर,सुल्तान पोखर,कॉलेज चौक शायरानगर नहर, डॉ अलख बाबू का पोखर,श्री पंचमुखी हनुमान सरोवर,सीताधार सहित अन्य पोखरों और तालाबों,जोगबनी में परमान नदी के तट,नगर परिषद के कार्यालय के पास के सरोवर के पास बने घाटों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया गया।छठव्रतियों ने सुहागिन महिलाओं को सिंदूर लगाकर आशीर्वाद प्रदान किया,वहीं छठव्रतियों के पैर छूने की होड़ भी श्रद्धालुओं में देखी गई।घाट पर बच्चों के द्वारा जमकर पटाखे और आतिशबाजी भी की गई।वही जिला प्रशासन और नगर परिषद प्रशासन की ओर से छठ को लेकर घाट सहित शहर और आने जाने वाले रास्तों में रोशनी की समुचित व्यवस्था की गई थी।कुल मिलाकर जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…