दस लाख नेपाली मुद्रा के साथ एसएसबी ने एक बाइक सवार को किया गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अररिया, 26 नवम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी की बीआईटी टीम ने गुरुवार को एक बाइक सवार को दस लाख रूपये नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया।एसएसबी ने यह कार्रवाई जोगबनी बीसीपी गेट के पास भारत नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास भारतीय परिक्षेत्र में बॉर्डर से पांच मीटर की दूरी पर की।बीआईटी टीम में कुल 8 कार्मिक थे, जिनमें 1 उप निरीक्षक एवं 7 जवान शामिल थे।
भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार को संदेह के आधार पर एसएसबी ने जांच के लिए रोका। तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल बॉडी के अंदर छिपाकर रखी गई दस लाख नेपाली मुद्रा बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी 45 वर्षीय विद्यानंद साह पिता भागवत लाल साह सोनामनी गुदाम थाना क्षेत्र के ककुरवाहा का रहने वाला है। उसके पास से एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह यह नेपाली मुद्रा जोगबनी बाजार में किसी अज्ञात व्यक्ति से लेकर कैरियर के रूप में नेपाल विराटनगर में सौरभ कामत नामक व्यक्ति को पहुंचाने जा रहा था।जब्त की गई नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल एवं गिरफ्तार व्यक्ति को फारबिसगंज सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर